

राजधानी में भाजपा कार्यकर्ता 6530 स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात के 100वें एपिसोड को सामूहिक रूप से सुनेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी अलग-अलग स्थानों पर उपस्थित रहेंगे।
प्रधानमंत्री के मन की बात को सामूहिक रूप से सुनाने के लिए भाजपा नेता पिछले कई दिनों से बूथ स्तर पर काम कर रहे हैं। इसे सफल बनाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उपाध्यक्ष राजन तिवारी की अध्यक्षता में समिति गठित की है।
तिवारी ने कहा कि भाजपा के साथ कई नागरिक संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं व्यापारी संगठन भी अपने स्तर पर इस तरह की व्यवस्था कर रही है। केंद्रीयी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मीनाक्षी लेखी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, भाजपा नेता प्रकाश जावडेकर, वी सतीश, सुधा यादव, विनय सहस्रबुद्धे, सुधांशु त्रिवेदी, विजय गोयल, सांसद डा. हर्ष वर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी व हंसराज हंस सहित अन्य नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे।वही, चांदनी चौक क्षेत्र में 600 से अधिक स्थानों पर सुना जाएगा। जामा मस्जिद, चांदनी चौक, तुर्कमान गेट, कश्मीरी गेट व सीताराम बाजार समेत अन्य स्थानों पर इस कार्यक्रम को सुनने की सार्वजनिक व्यवस्था की गई है। इसके लिए कई स्थानों पर एलईडी भी लगाए गए हैं।
इसके आयोजन से भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही स्थानीय समाजसेवी, व्यापारी व निवासी जुड़े हुए हैं। वहीं इस ऐतिहासिक अवसर के हजारों लोगों के गवाह बनने की उम्मीद है। यहां तक की दुकान व होटलों तक में इसके लिए खास तैयारियां चल रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व चांदनी चौक के सांसद डा. हर्षवर्धन सदर विधान सभा के अंतर्गत किशनगंज वार्ड में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे और मन की बात सुनेंगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सचमुच यह कार्यक्रम किसी के लिए उम्मीदों की बात है तो कइयों के लिए हौसलों का साथ है।
सांसद ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में नजदीकी कार्यक्रम में जाकर इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने का आग्रह किया है। इसी तरह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जामा मस्जिद क्षेत्र स्थित जवाहर होटल में प्रसारण सुनने की व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भागीदार बनेंगे। यह वहीं होटल है जहां, रमजान माह में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मुगलई व्यंजनों का लुफ्त उठाया था।
इस संबंध में दिल्ली अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री इरफान सलमानी ने बताया कि उनके साथ 100 से अधिक लोगों की मौजूदगी रहेगी। इसी तरह, रामनगर वार्ड में भाजयुमो द्वारा मन की बात का कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
- चांदनी चौक युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन रूखड़ ने बताया कि 63 वर्ष पुराने सनातन धर्म हरी मंदिर में आयोजन में 100 से अधिक युवा पीएम के मन की बात को सुनेंगे।
