
*मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी होंगे*
*संवाददाता रेनू गौड़*
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अशरफाबाद कैम्पस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय इण्टरफेथ कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन कल 2 अगस्त, शुक्रवार को सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में एक भव्य समारोह के साथ किया जायेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी सीएमएस के जनसंपर्क अधिकारी ऋषि खन्ना ने दी। खन्ना ने कहा कि मिस्र के सर्वोच्च संवैधानिक न्यायालय के उप मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. एडेल उमर शेरिफ के साथ-साथ संयुक्त राज्य अमेरिका, लेबनान और भारत के विभिन्न राज्यों के विद्वान, विचारक, दार्शनिक और धार्मिक नेता उद्घाटन समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में 2 से 4 अगस्त तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय इंटरफेथ कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य विभिन्न धार्मिक समूहों और समुदायों के बीच संतुलन और समझ स्थापित करना और विश्व एकता और विश्व शांति के महान उद्देश्य को साकार करने के लिए दुनिया में जागरूकता पैदा करना है। सम्मेलन का विषय वी बिलॉन्ग – फॉर पीस मेकिंग है।
खन्ना ने बताया कि यह वैश्विक सम्मेलन विश्व में धर्मों के बीच संवाद स्थापित करने, असमानताओं को दूर करने तथा प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इस सम्मेलन में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्ति धर्म और शांति, सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में धार्मिक संस्थानों की भूमिका, धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले एजेंट बनने के लिए युवाओं का सशक्तिकरण आदि विषयों पर चर्चा करेंगे।
खन्ना ने बताया कि इंटरफेथ सम्मेलन के प्रतिभागियों में न्यायमूर्ति डॉ. एडेल उमर शेरिफ, उप मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च संवैधानिक न्यायालय, मिस्र, डॉ. डेविड रिस्ले, विद्वान, यूएसए; डॉ. सैली हम्मौद, विद्वान, लेबनान; भृगु पीठाधीश्वर पूज्य गुरुदेव गोस्वामी सुशील जी महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद, नई दिल्ली: मौलाना ए आर शाहीन कासमी, महासचिव विश्व शांति संगठन, नई दिल्ली; हजरत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती, दरगाह अजमेर शरीफ, अजमेर, राजस्थान के प्रतिनिधि; परमजीत सिंह चंडोक, अध्यक्ष गुरुद्वारा श्री बंगला साहेब, नई दिल्ली, आचार्य विवेक मुनि महाराज, संस्थापक अध्यक्ष, आचार्य सुशील मुनि मिशन, नई दिल्ली, रेव्ह. फादर सेबेस्टियन कोलिथानम, निदेशक, कुष्ट नियंत्रन एवं उन्मूलन समिति, ग्रेटर नोएडा, मराज़बान नरीमन ज़ैवाला, बेहदीनपशबान, जोरास्ट्रियन पारसी समुदाय, नई दिल्ली और नाज़नीन रोवानी, महासचिव, राष्ट्रीय आध्यात्मिक सभा भारत के बहाई, और कई अन्य जो अपने सार्थक भाषणों से सभा को प्रबुद्ध करेंगे।
