बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के पेरोई गांव में रविवार को दो नीलगाय को गोली मारने का मामला सामने आया। जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और डायल 112 की टीम पहुंच गई। इस घटना में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपी जनपद संतकबीर नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वन विभाग की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खेसरहा थाना क्षेत्र के सकारपार चौकी अंतर्गत परोई गांव के उत्तर सुरहीताल के सिवान में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद लोगों ने देखा कि दो नीलगाय मृत पड़ी। नजदीक जाकर देखा तो दोनों के शरीर पर घाव का निशान था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 को दी। सूचना पर पुलिस तथा वनविभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। वहां पांच किलो की पन्नी का थैला भी मिला। पुलिस ने संदेह के आधार पर पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपी जनपद संतकबीर नगर की बताया जा रहे हैं। पशु चिकित्सक की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को जेसीबी की मदद से दफनाया गया। इस संबंध में रेंजर खेसरहा शुशील कुमार ने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं, थानाध्यक्ष खेसरहा चंदन कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
