

माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ने 75 बिजली चाक बांटे
बोले – बोर्ड के गठन से माटी कला कारीगरी को पुनर्जीवित करने का प्रयास
आगरा। आगरा में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला द्वारा 75 लाभार्थियों को माटी कला टूल किट्स का वितरण किया गया। इस दौरान आगरा की जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। माटी कला के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा पर्यावरण को बचाने के लिए, प्लास्टिक का प्रयोग कम करने के लिए मिट्टी से बने हुए टूल किट का लोगों को वितरण शुरू कराया था। लगातार आवश्यकता अनुसार लोगों को यह टूल किट वितरित की जा रही है। जिससे तमाम लोग अपना जीवन यापन भी आसानी से कर पा रहे हैं।
माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माटी कला बोर्ड का गठन 2018 में किया था। इस बोर्ड के गठन से माटी कला कारीगरी को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया गया है। सरकार द्वारा मूर्ति बनाने के सांचे, विद्युत चलित चाक तथा अन्य सामग्री निशुल्क वितरित की जा रही है। जिसमें चाक एकमात्र उपकरण है, जिसके माध्यम से संपूर्ण परिवार का पालन पोषण किया जा सकता है। मिट्टी के उपकरण बनाने उनका विपणन करने में कोई जीएसटी कोई टैक्स नहीं देना होता। प्रशासन द्वारा मिट्टी खोदने का स्थान भी फ्री में दिया जाता है और इस खनन में शामिल नहीं किया जाता।
वहीं उन्होंने बताया कि सरकार माटी कला से जुड़े शिल्पकारों को अपने उद्योग को आगे बढ़ाने को सरलता से लोन भी उपलब्ध करा रही है। प्लास्टिक का प्रयोग स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है। मिट्टी के पात्रों से शरीर को कोई हानि नहीं होती। हम बाजार में देखते हैं कि चीन के बर्तनों, खिलौने, दीपक इत्यादि के द्वारा बाजार पर कब्जा कर रखा है। इसके द्वारा उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है और इसमें सफलता भी मिली है। मिट्टी के पात्रों का इतिहास बहुत पुराना है। यह हड़प्पा सभ्यता से शुरू हुआ था। वहीं मिट्टी के पात्रों के उपयोग स्वास्थ्य, स्वाद और भारत माता की मिट्टी को चमन का अवसर भी देता है।
कार्यक्रम में मौजूद रही जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास के उद्देश्य को लेकर चल रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचना चाहिए। प्रजापति समाज को विद्युत चलित चाक से रोजगार के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि कल 140 लोगों के आवेदन टूल किट के लिए आए थे। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में साक्षात्कार किया गया , जिसमें 75 लोगों का चयन किया गया और इन्हें 3 दिन का प्रशिक्षण दिया। इसके बाद इन लोगों को विद्युत चलित चाक का वितरण किया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि कोई भी विद्युत चाक लेना चाहता है, तो वह जिला ग्राम उद्योग कार्यालय से संपर्क कर फॉर्म भर सकता है।
